जयपुर: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के साथ ही एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के साथ पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार को पिलानी और श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। दूसरी ओर, उदयपुर सहित कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट आने से सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय गर्मी का असर बढ़ता दिखाई दिया। हालांकि प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में रात के तापमान में अपेक्षाकृत गिरावट हुई। उदयपुर, सिरोही और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

राजस्थान से मानसून की विदाई का दौर भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के शेष हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई हैं। वर्तमान में कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार या शनिवार तक इन क्षेत्रों से भी मानसून के पूरी तरह लौटने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में वर्षा का दौर लगभग समाप्त होने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अब प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 33 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 20 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मानसून की विदाई के साथ ही राजस्थान में मौसम के मिजाज में बदलाव दिखाई देने लगा है। दिन में जहां धूप और गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट से सुबह-शाम मौसम अपेक्षाकृत सुहावना होने लगा है।

Tags: