Rajasthan राजस्थान: उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर एक महिला के अंधे कत्ल का मामला सामने आया तो हर कोई हैरान रह गया। क्योंकि महिला की हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि महिला का भाई ही निकला। कर्ज उतारने के लिए उसने महिला के जेवर लूटे और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के जरिए आरोपी को ढूंढ निकाला। उसने खुद ही महिला की हत्या करना कबूल किया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। दरअसल, 27 फरवरी को उदयपुर चित्तौड़गढ़ हाईवे पर हाज्या खेड़ी पुलिया पर एक महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान रुंडेड़ा निवासी मीना मेनारिया के रूप में हुई थी। महिला घर से गायब हो गई थी। उसके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसके बाद जब शव मिला तो परिजनों ने उसकी पहचान की।
हाईवे पर ही फेंका था शव
भदेसर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने कॉल डिटेल के जरिए आरोपी रमेश गादिया लोहार को गिरफ्तार कर लिया। उसने महिला को अपनी मुंहबोली बहन बना रखा था, ताकि किसी को कोई शक न हो। आरोपी रमेश पर काफी कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने महिला के पहने हुए सोने के जेवर लूटने और उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी. वह शव को नदी में फेंकना चाहता था, लेकिन हत्या के बाद शव भारी होने के कारण उसने उसे हाईवे पर फेंक दिया और फरार हो गया.
चित्तौड़गढ़ एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड के रुंडेडा निवासी मीना मेनारिया और आरोपी पिछले कई दिनों से मवेशी खरीदने का काम कर रहे थे. आरोपियों ने शाम को महिला मीना मेनारिया को घर के बाहर बुलाया और उसे कार में बिठाकर चित्तौड़ के लिए रवाना हो गए. जहां मंगलवाड़ से आगे उसने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलने के बाद नंदगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं पुलिस ने इस वारदात में शामिल पिकअप की भी तलाश शुरू कर दी है|