Rajasthan: तालाब में अचानक मर गईं 70 भैंसें, मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण

Update: 2025-05-18 03:52 GMT
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के बारां जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के जलवाड़ा गांव में शनिवार को एक बड़ी और चिंताजनक घटना सामने आई, जहां एक तालाब में बैठी करीब 70 भैंसों की अचानक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये सभी भैंसें गांव के किसानों की थीं, जो दोपहर करीब 1 बजे तालाब में बैठी थीं। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। घटना का पता तब चला जब किसी राहगीर ने मृत भैंसों को देखा और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को फोन किया।
एडीएम दिवांशु शर्मा, पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी, एएसपी राजेश चौधरी और एसडीएम अभयराज सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। नाहरगढ़ थानाधिकारी धर्मपाल यादव ने बताया कि सभी भैंसें ग्रामीणों की थीं और पहले उन्हें खेतों के पास छोड़ा गया था। बाद में वे तालाब में आ गईं। मौत का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है। कुछ लोगों ने तालाब के पास स्पार्किंग की भी सूचना दी है। मौके पर कोई टूटा हुआ बिजली का तार नहीं मिला है, लेकिन बिजली का तार कटने की बात कही जा रही है।
पोस्टमार्टम को लेकर टकराव
प्रशासन कह रहा है कि भैंसों की मौत का असली कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम जरूरी है, लेकिन फिलहाल ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया है, ताकि जल्द से जल्द पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कार्रवाई की जा सके। थानाधिकारी के अनुसार सहमति मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जाएगी।
मुआवजे की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें करीब 70 लाख रुपए का नुकसान हुआ है और प्रशासन को उनकी मदद करनी चाहिए। वे इसी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और उचित मुआवजा दिए जाने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले केलवाड़ा में भी तीन दिन पहले 13 भैंसों की अचानक मौत का मामला सामने आया था। इस मामले में जांच चल रही है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Tags:    

Similar News