Jaipur जयपुर। विद्याधर नगर इलाके में उस समय दहशत फैल गई जब एक तेंदुआ एक रिहायशी कॉलोनी में घुस आया और उसने तीन लोगों पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई। वन विभाग की टीम ने घंटों अभियान चलाकर जंगली बिल्ली को बेहोश कर बचा लिया। उप वन संरक्षक जगदीश गुप्ता ने बताया कि विद्याधर नगर में एक तेंदुए की गतिविधि की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इसे सबसे पहले केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के बगीचे में पौधों के पीछे एक सरकारी गेस्ट हाउस में देखा गया। इसके बाद तेंदुआ सड़क पर आ गया और उसने तीन लोगों पर हमला कर दिया।
गुप्ता ने बताया कि भीड़ जमा हो गई और जानवर का पीछा करने लगी तथा उसकी गतिविधि का वीडियो बनाने लगी। सूचना मिलने पर वन विभाग, पुलिस और नागरिक सुरक्षा की टीमें मौके पर पहुंचीं। उप वन संरक्षक ने बताया कि इसके बाद इसे बेहोश कर बचाया गया। गुप्ता ने बताया कि नाहरगढ़ वन क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा विद्याधर नगर क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जिससे भोजन या पानी की तलाश में कभी-कभार तेंदुए का दिखाई देना आम बात है। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जयपुर में तेंदुओं की संख्या पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ रही है। झालाना, आमागढ़ और नाहरगढ़ वन क्षेत्र में करीब 75 तेंदुए हैं, जिनमें से 45 झालाना में और 20 आमागढ़ में हैं। आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में 920 से अधिक तेंदुए होने का अनुमान है।