Jaipur जयपुर । उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने सोमवार को दूदू विधानसभा क्षेत्र में व्यापारियों, वेंडरों एवं उपभोक्ताओं के साथ संवाद कर ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के बारे में संवाद किया तथा इन सुधारों का लाभ उपभोक्ता तक पहुंचाने का व्यापारियों से निवेदन किया।
सभी ने डॉ. बैरवा को इस उत्सव की बधाई दी तथा बताया कि व्यापारी भी उपभोक्ता हैं, उन्हें भी अपना घर चलाना होता है। रोजमर्रा की वस्तुओं और सेवाओं के दाम कम होने से उन्हें बचत होगी और वे अपने बच्चों के भविष्य और बेहतर शिक्षा पर ज्यादा खर्च कर पाएंगे, ज्यादा निवेश कर पाएंगे।
डॉ. बैरवा ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक जीएसटी रिफॉर्म्स की दुनियाभर में चर्चा है। इससे हमारा उपभोक्ता, व्यापारी और उद्योगपति ज्यादा सशक्त होगा और वे देश के विकास में बेहतर योगदान दे पाएंगे। इस नवरात्रि के मौके पर दोहरी खुशियां लाने के लिए हम सभी प्रधानमंत्रीजी का आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने जीएसटी के नए स्लैब से दैनिक जीवन में काम आने वाले सामान, ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं के कर में हुई कमी के संबंध में जानकारी प्रदान की। इस दौरान व्यापारियों से निवेदन किया आपकी दुकानों में स्वदेशी सामान ही बिके। इस अवसर पर नए वाहन ख़रीदने वाले ग्राहकों को शुभकामनाएँ दी।
उपमुख्यमंत्री ने इन सुधारों के लागू होने पर प्रधानमंत्री जी को बधाई प्रेषित की एवं व्यापारियों और आमजन से माननीय प्रधानमंत्री जी का संदेश साझा किया। साथ ही, इस उत्सव को पूरे उत्साह और सहभागिता के साथ मनाने का आह्वान किया।