Bundi बूंदी । त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत माह के तृतीय गुरुवार को जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने आमजन की समस्याएं सुनी और मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण कर राहत प्रदान की। साथ ही अन्य प्रकरणों के सम्बन्ध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का तुरंत समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन की जायज समस्या का त्वरित समाधान करें। समस्‍याओं के निस्तारण में किसी तरह की ढ़िलाई नहीं बरती जाए। जनसुनवाई में 62 प्रकरण प्राप्त हुए।जन सुनवाई के दौरान खेल मैदान का विकास, जन्मतिथि में संशोधन, पीएम आवास की स्वीकृति नहीं मिलने, खेत में जाने का रास्ता, जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाने, कृषि कनेक्शन, तारमीन शुद्धि, ड्रेन का सीमाज्ञान, कृषि कार्य के लिए बिछाई गई पाइपलाइन का कृषि विभाग से मुआवजा दिलवाने, पेंशन का सत्यापन, गैर खातेदारी से खातेदारी, दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने सहित अन्य प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से कइयों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह तोमर, मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रवि वर्मा, उपखंड अधिकारी एचडी सिंह, मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ.ओपी सामर, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता, जिला कोषाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags: