बीकानेर: होली के मौके पर महिला और दो बच्चों के शव कुंड में मिले, मुकदमा दर्ज
राजस्थान न्यूज़: जिले के जसरासर पुलिस थाना क्षेत्र के कुचोर अगुणी में होली के मौके पर महिला व दो बच्चों की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका का नाम 25 वर्षीय शायरी पत्नी श्योपत विश्नोई/पुत्री झंवरीलाल है। शायरी की 5 वर्षीय पुत्री हिमांशी व ढ़ाई वर्षीय पुत्र योगेश की भी मौत हो गई। तीनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं। मृतका के पीहर पक्ष की तरफ से उसके पति श्योपत, ससुर, ननद आदि कुल 6 जनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया गया है। सुबह जसरासर पुलिस को घटना की सूचना मिली।
थानाधिकारी देवीलाल सहारण, एएसआई रामवतार सहित पुलिस टीम शायरी के ससुराल पहुंची। कुंड में से महिला व दोनों बच्चों को निकाला गया। तीनों मृत पाए गए। मौके पर विभिन्न तकनीकी टीमें बुलाई गई। शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने शायरी व उसके दोनों बच्चों को जहर खिलाकर मार दिया। बाद में शव कुंड में डाल दिए। प्रताडऩा का भी आरोप है। पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसी दिशा में जांच शुरू की है। हालांकि थानाधिकारी देवीलाल सहारण का कहना है कि हत्या की आशंका कम लग रही है। लेकिन सवाल यह है कि अगर आत्महत्या भी की है तो इसके पीछे क्या कारण रहे? एक महिला अपने मासूम बच्चों के साथ बिना किसी अतिगंभीर परेशानी के ऐसा कदम उठा सकती है? पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थानाधिकारी देवीलाल सहारण ने कहा कि जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। उधर होली के दिन महिला व दो मासूम बच्चों की मौत की ख़बर सुनकर हर कोई स्तब्ध है।