राज्यपाल से मिले बाबूलाल जाजू, सभी जिलों में मानद वन्यजीव प्रतिपालक नियुक्ति की उठाई मांग
जयपुर/भीलवाडा़ । राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से राजभवन में पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने शिष्टाचार मुलाकात कर प्रदेश के सभी जिलों में पूर्व की भांति मानद वन्यजीव प्रतिपालकों की नियुक्ति पुनः शुरू करने का सुझाव दिया। इस दौरान जाजू ने राज्यपाल का पौधा लगा गमला भेंट कर स्वागत किया। जाजू ने बताया कि वर्ष 2014 से पूर्व प्रत्येक जिले में बिना मानदेय के मानद वन्यजीव प्रतिपालक नियुक्त किए जाते थे, जो वन विभाग के सहयोगी के रूप में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, जनजागरूकता, वन्यजीव अपराधों की सूचना, अवैध शिकार, अवैध कटाई, अतिक्रमण और अवैध खनन जैसी गतिविधियों की जानकारी देकर संरक्षण कार्यों को प्रभावी बनाते थे। उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर एवं जिला वन अधिकारी द्वारा अनुभवी, निष्पक्ष और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों के नाम राज्य सरकार को नियुक्ति के लिए भेजे जाते थे। इस अवसर पर जयपुर पीएफए संयोजक सूरज सोनी एवं गौरव जाजू भी उपस्थित रहे।