जयपुर: जयपुर-दिल्ली हाईवे पर मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रोले ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्राला चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक व्यक्ति ट्रोले के पहिए के नीचे फंस गया। दूसरे घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों को कांवटिया अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार हादसा दोपहर करीब 12 बजे मुरलीपुरा थाना इलाके में रोड नंबर-14 स्थित अनाज मंडी के पीछे वाले गेट के सामने हुआ। जहां दौलतपुरा टोल की तरफ से अजमेर रोड की ओर जा रहा ट्रोला सर्विस लाइन पर अचानक बेकाबू हो गया। उसने तीन चारपहिया और दो दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सीता विहार, मुरलीपुरा निवासी रमेश (60) और फागी के रेनवाल निवासी हनुमान सहाय (40) की मौत हो गई।

जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि ट्रोले ने सर्विस लाइन पर एक के बाद एक वाहनों को टक्कर मारी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार सामने आया है। दुर्घटना की सूचना पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। ट्रोले के पहिए के नीचे फंसे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कार में फंसे दूसरे व्यक्ति को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। घायलों में ट्रोला चालक भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार ट्रोले ने सबसे पहले सर्विस लाइन पर खड़ी इको कार को टक्कर मारी। इसके बाद दुकान के फुटपाथ पर खड़ी एक्टिवा स्कूटी को चपेट में लिया। फिर बाहर खड़ी वैगनआर कार और टाटा-407 सहित अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग भी इसकी चपेट में आ गए। एक कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। ट्रोला टू-व्हीलर ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने बने चबूतरे से भी टकराया और वहां खड़ी स्कूटी को क्षतिग्रस्त कर दिया।

दुकानदार विष्णु गर्ग ने बताया कि वह दोपहर करीब 12 बजे अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान ट्रोला सामने से आया और पहले एक वाहन, फिर दूसरे वाहन को टक्कर मारते हुए पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया। उनके अनुसार पैदल चल रहा व्यक्ति किसी गांव से आया था और वाहन से उतरने के बाद सड़क पर जा रहा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रोले ने उनकी दुकान के पास खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

टू-व्हीलर ऑटो पार्ट्स दुकान के संचालक राकेश शर्मा ने बताया कि ट्रोले की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक बार लगा कि वह दुकान में घुस जाएगा। ट्रोला दुकान के आगे बने चबूतरे से टकराया और बाहर खड़ी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। चबूतरा होने के कारण दुकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। उन्होंने बताया कि उनकी आंखों के सामने हादसे में लोगों की जान चली गई।


पुलिस के अनुसार वह घटनास्थल के पास ही काम करता है। ट्रोले के नीचे फंसे व्यक्ति को निकालने में उसने मदद की। उसने बताया कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने घायलों और मृतकों को अपने वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस और एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने में देरी होने की बात भी कही।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि हादसे से पहले दो स्कूटी सवारों और ट्रोला चालक के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवारों ने ट्रोला रुकवाने के लिए उस पर पत्थर फेंका था, जिसके बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शी विष्णु गर्ग ने भी इस तरह की चर्चा होने की बात कही। हालांकि पुलिस ने अभी तक पत्थर मारने या विवाद होने की पुष्टि नहीं की है। डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के सभी कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

गौरतलब है कि 3 नवंबर 2025 को इसी क्षेत्र में लोहा मंडी चौराहे पर एक ट्रेलर ने 14 लोगों को कुचल दिया था। शुक्रवार को हुए हादसे के बाद एक बार फिर इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां जाम और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा बना रहता है।

इस हादसे पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि जयपुर-सीकर रोड पर 14 नंबर स्थित अनाज मंडी रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने बताया कि घायलों को समुचित चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

Tags: