Amritsar.अमृतसर: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने रय्या के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कुलवंत सिंह को 40,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वीबी के प्रवक्ता ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाहपुर गांव निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी पत्नी 2019 से 2024 तक शाहपुर गांव की सरपंच थी। उसके कार्यकाल के दौरान पंचायत फंड के गबन और फर्जी जॉब कार्ड बनाने के आरोप थे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी होने के नाते बीडीपीओ ने मामले को निपटाने के लिए उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने उससे रिश्वत की राशि कम करने का आग्रह किया, लेकिन अधिकारी ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद वीबी की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी बीडीपीओ को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 40,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत विजीलैंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, अमृतसर रेंज में मामला दर्ज किया गया है।