Punjab पंजाब: शहर के जनकपुरी इलाके में देर रात गैंगस्टर पुनीत बैंस के घर पर दो बाइकों पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमलावरों ने पहले घर के बाहर खड़े होकर किसी को वीडियो कॉल की, फिर कुछ देर बाद वापस लौटे और दो गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। यह वारदात जनकपुरी थाने से कुछ ही दूरी पर हुई, जो पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। फायरिंग के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया है। पुनीत बैंस की मां कमलेश रानी ने बताया कि रात करीब ढाई बजे बाइकों की आवाज सुनाई दी। इसके कुछ मिनट बाद ही गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरा परिवार डर गया।
उन्होंने बताया कि पुनीत इस समय घर पर नहीं रहता, वह अपनी बेटी के साथ घर में अकेली रहती है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सुबह जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची तो घर की दीवार और गेट पर गोलियों के दो निशान मिले। एसीपी मंजीत सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। कमलेश रानी ने बताया कि पुनीत पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन अब वह सुधरने की राह पर है।
पुलिस के मुताबिक पुनीत पर करीब 12 मामले दर्ज हैं और वह पिछले दो महीने से जमानत पर बाहर है। 2020 में चीमा चौक के पास कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी और उसे इस मामले में कोर्ट में गवाही देनी है। कमलेश का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व उसे धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। थाने के इतने नजदीक फायरिंग की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। बढ़ती घटनाओं से स्थानीय लोग डरे हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।