चंडीगढ़ हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई, वारिस पंजाब दे नेताओं समेत 15 लोगों पर FIR
Chandigarh : चंडीगढ़ पुलिस ने 29 जुलाई को गौशाला चौक (सेक्टर 44/45/50/51 के पास) पर हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में MLA मनप्रीत सिंह अयाली और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के 15 अन्य नेताओं और सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
यह FIR सेक्टर 49 पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं 121(1), 132 और 223 के तहत दर्ज की गई है।
पुलिस शिकायत के अनुसार, अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के लगभग 2,500-3,000 समर्थक, जिनकी अगुवाई पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कर रहे थे, गौशाला चौक पर जमा हुए और कथित तौर पर सड़क जाम कर दी, जिससे गाड़ियों की आवाजाही में भारी रुकावट आई और आने-जाने वालों को परेशानी हुई। प्रदर्शनकारी कथित तौर पर अमृतपाल सिंह के पोस्टर लिए हुए थे और अमृतपाल सिंह व हिरासत में लिए गए अन्य सिख कैदियों की रिहाई की मांग करते हुए नारे लगा रहे थे।
FIR में कहा गया है कि पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बार-बार बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है और उन्हें सलाह दी कि वे अनुमति लेकर अपना प्रदर्शन सेक्टर 25 रैली ग्राउंड में तय विरोध स्थल पर ले जाएं। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर वहां से हटने से इनकार कर दिया और उनके नेताओं ने उन्हें पुलिस बैरिकेड तोड़ने और आगे बढ़ने के लिए उकसाया।
पुलिस का आरोप है कि तलवारों, कुल्हाड़ियों, लाठियों और अन्य धारदार हथियारों से लैस कई प्रदर्शनकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया, बैरिकेड तोड़े और जबरन शहर में घुसने की कोशिश की। बार-बार चेतावनी देने के बाद, ड्यूटी मजिस्ट्रेट से अनुमति लेकर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़ पुलिस की वॉटर कैनन गाड़ी को नुकसान पहुंचाया और उसके ड्राइवर के साथ मारपीट की। असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) गुरजीत सिंह के हाथ में चोट आई और उन्हें इलाज के लिए सेक्टर 16 स्थित गवर्नमेंट मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (GMSH) ले जाया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने की ड्यूटी के दौरान कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आईं। पुलिस ने आरोपियों में विधायक मनप्रीत सिंह अयाली, सतिंदरजीत सिंह गिल, काबल सिंह भुल्लर, जगदीप सिंह कंसाला, इकबाल सिंह संधू, परमजीत सिंह जोहल, अजीब सिंह मखमेलपुर (पूर्व विधायक), चमकौर सिंह धुन्न, ईमान सिंह खारा, जसविंदर सिंह ड्रोली, इकबाल सिंह चूंडा, करनैल सिंह पंजोली, लक्खा सिधाना, भाना सिद्धू और लखवीर सिंह लक्खा को शामिल किया है. जांच सेक्टर 49 थाने के सब इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह को सौंपी गई है.