Firozpur फिरोजपुर: फिरोजपुर में बीएसएफ जवानों ने गांव दरवेश के खेतों से एक तस्कर को गिरफ्तार कर हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया है। पूछताछ के दौरान 3 किलो 716 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। थाना सदर फिरोजपुर की पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर तीन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (कमर्शियल) के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी देते हुए थाना सदर फिरोजपुर के इंस्पेक्टर एसएचओ गुरविंदर कुमार ने बताया कि अभिषेक आनंद, कंपनी कमांडर 99 बटालियन बीएसएफ पच्छादियां फिरोजपुर से एक पत्र संख्या ओपीएस/एफआईआर/सी/99/बीएन/2025/444 प्राप्त हुआ था कि गश्त के दौरान बीएसएफ बीओपी पच्छादियां के जवानों ने गांव दरवेश के खेतों से आरोपी अर्शदीप सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी गांव दरवेश को एक पैकेट के साथ गिरफ्तार कर उस पैकेट से 562 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पुलिस ने बताया कि कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी अर्शदीप सिंह ने कबूल किया कि इस अपराध में जसवंत सिंह पुत्र दयाल सिंह निवासी गाँव दरवेशे और गगन सिंह पुत्र गुरबचन सिंह निवासी गाँव दरवेशे भी शामिल थे। पूछताछ के दौरान आरोपी अर्शदीप सिंह से 3 किलो 716 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए गए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हेरोइन कहाँ से खरीदी गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।