भारत

पटाखों से हवा ज़हरीली हुई, प्रदूषण ने राजधानी में बढ़ाई चिंता

Nilmani Pal
21 Oct 2025 7:02 AM IST
पटाखों से हवा ज़हरीली हुई, प्रदूषण ने राजधानी में बढ़ाई चिंता
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। दिवाली की रात जब आकाश रंग–बिरंगे पटाखों से जगमगा रहा था, उसी समय हवा में ज़हर भी घुलने लगा. सोमवार रात दिल्लीवालों ने पूरे जोश से पटाखे फोड़े, नतीजतन हवा जहरीली हो गई. दिल्ली के ज़्यादातर इलाकों में हवा की गुणवत्ता “रेड ज़ोन” यानी “बहुत खराब” से “गंभीर” स्तर पर पहुंच गई.

सुप्रीम कोर्ट ने पहले से ही आदेश दिया था कि सिर्फ “ग्रीन पटाखे” जलाए जा सकते हैं और वो भी रात 8 से 10 बजे तक. लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और थी. लोगों ने सारी पाबंदियों को नज़रअंदाज़ कर देर रात तक पटाखे जलाए. नतीजा यह हुआ कि हवा में ज़हरीले कणों (PM2.5 और PM10) की मात्रा बढ़ गई और हवा सांस लेने लायक नहीं रही.

दिल्ली के 38 प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 36 ने हवा को “रेड ज़ोन” में दर्ज किया. इसका मतलब है कि शहर का लगभग हर कोना धुएं और धूल में घिर गया. रात 10 बजे पूरे शहर का औसतन एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 344 था. जो “बहुत खराब” माना जाता है. कुछ इलाकों में हालात इतने गंभीर थे कि वज़ीरपुर (423), द्वारका (417), अशोक विहार (404) और आनंद विहार (404) में AQI “गंभीर” श्रेणी में पहुंच गया. दिल्ली की हवा को लेकर चिंता नई नहीं है. सर्दियां शुरू होते ही हवा का बहाव कम हो जाता है, जिससे धूल और धुआं शहर के ऊपर जम जाता है. दिवाली के पटाखे इस पहले से ही खराब हवा में और ज़हर घोल देते हैं. हवा में मौजूद छोटे-छोटे कण हमारे फेफड़ों, गले और आंखों पर सीधा असर डालते हैं.

सोमवार को दर्ज किए गए आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की हवा में 15.6 फीसदी प्रदूषण वाहनों के धुएं से आया, और करीब 23.3 फीसदी फैक्ट्रियों और अन्य स्रोतों से. यानी शहर की सड़कों पर गाड़ियों और औद्योगिक इलाकों से निकलता धुआं पटाखों की आग में घी डालने जैसा साबित हुआ.


Next Story
null