मयूरभंज। ओडिशा के मयूरभंज जिले में बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार को खुंटा थाना क्षेत्र के सिमागड़िया इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि ज्वेलरी कारोबारी मिहिर राणा स्थानीय बाजार से लौट रहे थे, तभी रास्ते में चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

बदमाशों ने कारोबारी के पास मौजूद गहने और नकदी लूटने की कोशिश की। मिहिर राणा ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उन पर प्लास्टिक पाइप से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश कारोबारी के पास मौजूद सोने और चांदी के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लूटे गए गहनों की कीमत लाखों रुपये है, हालांकि चोरी हुए सामान की कुल कीमत का अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वारदात भोला गड़िया साप्ताहिक बाजार से लौटने के दौरान सिमागड़िया चौक के पास हुई। घटना की सूचना मिलते ही खुंटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को इलाज के लिए भेजा गया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Tags: