बलांगीर। ओडिशा के बलांगीर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ताश खेलने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक नाबालिग छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, यह मामला बलांगीर जिले के अगलपुर थाना क्षेत्र के रोट गांव का है। मृतक की पहचान गांव निवासी साहिल पटेल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर स्कूलों में छुट्टी थी। इसी दौरान गांव के कुछ नाबालिग छात्र क्लब हाउस में बैठकर ताश खेल रहे थे। खेल के दौरान किसी बात को लेकर साहिल का एक अन्य नाबालिग लड़के से विवाद हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आरोपी नाबालिग ने साहिल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल साहिल को तुरंत इलाज के लिए अगलपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही अगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की हिंसक घटना पर चिंता जताई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।