मनसे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे राज ठाकरे
कल्याण-डोंबिवली में मनसे की बढ़ी सक्रियता
मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए पार्टी अध्यक्ष राज ठाकरे 28 और 29 नवंबर को कल्याण-डोंबिवली के दौरे पर रहेंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान वह स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर पार्टी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, शनिवार 28 नवंबर को शाम चार बजे डोंबिवली पूर्व के दत्तनगर चौक स्थित प्रगति कॉलेज हॉल में मनसे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक होगी।
इसके अगले दिन रविवार को सुबह 10 बजे राज ठाकरे कल्याण में पार्टी पदाधिकारियों और महाराष्ट्र सैनिकों के साथ बैठक करेंगे।
इन बैठकों में स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर चर्चा की जाएगी। राज ठाकरे दोनों शहरों में पार्टी की वर्तमान संगठनात्मक स्थिति का आकलन करने के साथ भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में मनसे की आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, राज ठाकरे किसी विशेष राजनीतिक मुद्दे पर बयान देंगे या नहीं, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।