जर्जर इमारतों में हजारों परिवारों की सुरक्षा पर चिंता, आदित्य ठाकरे ने की हस्तक्षेप की मांग
खतरनाक इमारतों के पुनर्निर्माण को लेकर आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
मुंबई: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता एवं युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे ने मुंबई की जर्जर और खतरनाक इमारतों के पुनर्विकास का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। उन्होंने करीब 235 इमारतों के वर्षों से लंबित पुनर्विकास को लेकर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
आदित्य ठाकरे के अनुसार, विभिन्न कानूनी और नीतिगत अड़चनों के कारण पुनर्विकास परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। इसके चलते हजारों परिवार असुरक्षित परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। मानसून के दौरान इन परिवारों की परेशानियां और बढ़ जाती हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से मौजूदा नियमों और नीतियों की समीक्षा करने तथा पुनर्विकास में आ रही प्रशासनिक एवं कानूनी बाधाओं को दूर करने की मांग की।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह मामला केवल भवन निर्माण का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन, सुरक्षा और सम्मानजनक आवास से जुड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर लंबित पुनर्विकास परियोजनाओं में तेजी लाने का आग्रह किया है।