मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के घाटकोपर पश्चिम स्थित सीजीएस कॉलोनी रोड पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने गुरुवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 58 अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त कर करीब 400 मीटर लंबे फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

महानगरपालिका के अनुसार, फुटपाथ पर अवैध निर्माणों के कारण पैदल यात्रियों को आवाजाही में लगातार परेशानी हो रही थी। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीएमसी के एन विभाग ने यह कार्रवाई की।

अभियान परिमंडल-6 के उपायुक्त संतोषकुमार धोंडे के मार्गदर्शन और सहायक आयुक्त जयदीप मोरे के नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान महानगरपालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

बीएमसी की कार्रवाई के बाद करीब 400 मीटर लंबा फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए उपलब्ध हो गया है। महानगरपालिका ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर नागरिकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है।

Tags: