नई दिल्ली: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों की बरसी पर अमेरिका ने 166 निर्दोषों को याद किया, जिन्हें आतंकियों ने अपनी गोलियों का शिकार बनाया था। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ हमेशा खड़ा है और दोनों देश मिलकर उसके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की एक तस्वीर भी जारी की गई। इसके साथ अपने संदेश में उन्होंने लिखा, “मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले 166 लोगों को अमेरिका आज याद कर रहा है। इनमें छह अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे।”
उन्होंने आगे कहा, “इस साल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ मैं ताज महल पैलेस होटल स्थित स्मारक गया था। वहां हमने पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी थी। साथ ही भारतीय सुरक्षा बलों के साहस और बलिदान का सम्मान किया था, जिन्होंने साहस का परिचय दिया था।”
अमेरिका ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वह भारत के साथ खड़ा है और दोनों देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच साझेदारी आतंकवादियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए बेहद अहम है। रूबियो ने तीन दिवसीय भारत यात्रा के दौरान मुंबई हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने स्मारक पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए थे। उस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे।
26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने मुंबई में कई स्थानों पर समन्वित हमले किए थे। ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और नरीमन हाउस सहित कई स्थानों को निशाना बनाया गया था। तीन दिनों तक चले इस हमले में 166 लोगों की जान गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे। इस हमले ने भारत और अमेरिका सहित पूरी दुनिया को आतंकवाद के सीमा-पार नेटवर्क की गंभीरता का एहसास कराया था।
Tags: