MP News: बैतूल जिले के ग्राम चौकी देवगांव में शनिवार को मछली पकड़ने गए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान भीमराव गन्नू अहाखे, उम्र 35 वर्ष, निवासी चौकी देवगांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भीमराव सुबह 10 से 11 बजे के बीच गांव के तालाब में मछली पकड़ने गया था। मछली पकड़ते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे डूबता देखा और तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना गांव के कोटवार ने पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। मौके पर पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि भीमराव मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो बेटे हैं। इस हादसे से पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।