MP News: सीधी जिले के जमोड़ी थाना अंतर्गत वार्ड-08 माधुरी कोठार निवासी 22 वर्षीय राहुल पाल की मंगलवार को दर्दनाक मौत हो गई। वह जगदीश तिवारी के खेत में बकरियों के लिए पत्ते काटने के लिए पेड़ पर चढ़ा था, लेकिन ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव घंटों पेड़ पर लटका रहा, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही और पुलिस की देरी के कारण शव को नीचे उतारने में काफी समय लग गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली विभाग की लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह बनी।
हाई वोल्टेज तार नीचे लटक रहे थे, जिसकी शिकायत पहले भी कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब इस दर्दनाक घटना के बाद लोग बिजली विभाग से सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक ऐसी लापरवाही के कारण मासूम लोगों की जान जाती रहेगी। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए, लेकिन किसी को समझ नहीं आया कि शव को नीचे कैसे उतारा जाए। पुलिस और प्रशासन की सुस्ती के कारण लोगों में गुस्सा और बढ़ गया। अंत में जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी की टीम पहुंची और शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताया और बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द ऐसे खतरनाक तारों की मरम्मत की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाता है तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।