MP News: महिला ग्राहक से दूर बैठने को कहा तो सिरफिरे युवक ने दुकानदार पर फेंका तेजाब
MP News: मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के गांधीनगर में एक सिरफिरे ने दुकानदार पर तेजाब फेंक दिया. तेजाब से दुकानदार की पीठ और पैर जल गए. दुकानदार का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने आरोपी को महिला ग्राहक से दूर बैठने को कहा था. यह बात उसे पसंद नहीं आई. घायल दुकानदार को अस्पताल भेजा गया. वहीं, लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया है. उसकी पहचान प्रमोद साहू के रूप में हुई. पुलिस ने बताया कि घटना आशाराम तिराहा पर हुई|
फरियादी राजेश यहां जूस की दुकान चलाता है. आरोपी प्रमोद गन्ने का जूस पीने आया था. दुकान पर पहले से कई महिला ग्राहक बैठी थीं. आरोपी उनके पास आकर बैठ गया. दुकानदार राजेश ने उसे दूसरी जगह बैठने को कहा. यह सुनकर आरोपी प्रमोद गुस्से में आ गया और उसने बैग से बोतल निकाली और उसमें भरा तेजाब राजेश पर फेंक दिया. तेजाब पड़ते ही राजेश बुरी तरह चिल्लाया|
आसपास के लोगों ने उसे बचाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस को बुलाया. पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रमोद ने बताया कि वह तांबे-पीतल के बर्तन साफ करने का काम करता है. इन बर्तनों को साफ करने के लिए वह बैटरी में डाला जाने वाला एसिड अपने पास रखता है। उसने वही एसिड राजेश पर फेंक दिया।