MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. कहीं किसानों के मोटर पंप चोरी हो रहे हैं, कहीं पशुपालकों के मवेशी, कहीं सोने-चांदी के आभूषण तो कहीं बकरियां. इसी क्रम में एक बार फिर थाना क्षेत्र से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. बताया गया है कि बीती रात घूरा गांव के 8 घरों को चोर गिरोह ने निशाना बनाया है. वारदात में सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों की संपत्ति चोरी होने की जानकारी सामने आई है|
मिली जानकारी के अनुसार घूरा गांव में रहने वाले कुछ परिवार कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए हुए थे और कुछ लोग रिश्तेदारी में गए हुए थे. इसका फायदा उठाकर चोरों के गिरोह ने एक के बाद एक 8 घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने घूरा निवासी राम प्रकाश मिश्रा, सुरेंद्र मिश्रा, विनय पटेल, विनोद पटेल, सुरेंद्र कुमार सोनी, अर्जुन पटेल, बिल्खा पटेल और रामकरण पटेल के घरों को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण और नकदी चोरी कर ली है. चोरों को पकड़ने गए युवक की कनपटी पर तान दी बंदूक
ग्रामीण विनोद पटेल के अनुसार जब चोर उसके घर में घुसे तो उसके परिवार के रामकरण की नींद खुल गई। उसने देखा कि करीब आधा दर्जन लोग घर में घुसे हैं। रामकरण के शोर मचाते ही चोरों का गिरोह भागने लगा। रामकरण ने पीछा कर एक चोर को पकड़ लिया, लेकिन तभी उसके साथी ने रामकरण की कनपटी पर बंदूक तान दी। जिससे वह डर गया और इसके बाद सभी चोर भाग गए। सुबह सभी पीड़ितों ने बमीठा थाने को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस गांव पहुंची और सभी घरों का मुआयना किया। पुलिस ने रामकरण और अन्य परिजनों के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags: