
अभी तक भूकंप से हुए नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. कोलकाता में आए भूकंप का केंद्र शहर से काफी दूर था. आज आए भूकंप का केंद्र जमीन से 91 किलोमीटर नीचे था, इसलिए भूकंप से किसी तरह के नुकसान की संभावना कम है. दरअसल, सतह से पांच या 10 किलोमीटर नीचे आने वाले उथले भूकंप सतह से काफी नीचे आने वाले भूकंपों की तुलना में अधिक नुकसान पहुंचाते हैं. इस साल 8 जनवरी को भी कोलकाता में भूकंप के हल्के झटके महसूस हुए थे क्योंकि तिब्बत के सुदूर क्षेत्र और नेपाल के कुछ हिस्सों में शक्तिशाली भूकंप आया था. उत्तर बंगाल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, हालांकि किसी नुकसान की खबर सामने नहीं आई थी.
इससे पहले मणिपुर के उखरुल में बीती आधी रात को करीब 12 बजकर 23 मिनट पर भूकंप आया. इसकी तीव्रता 3.2 रही और गहराई 10 किलोमीटर थी. पिछले दिनों से देश के अलग-अलग इलाकों में भूकंप की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसकी वजह से लोग दहशत में हैं. अभी हाल ही में राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में एकसाथ भूकंप के झटके महसूस किए गए थे.





