MP News :शराब पीने पर टोका तो बेटे ने मां को दी खौफनाक मौत, इलाके में सनसनी

Update: 2025-10-16 05:40 GMT
MP News: रोशनी के त्योहार दिवाली की तैयारियों के बीच जबलपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह शराब पीने पर डांटना था।यह दिल दहला देने वाली घटना सिहोरा थाना क्षेत्र के रौंसरी गांव में हुई। पुलिस के मुताबिक, 60 वर्षीय कुसुम बाई चौधरी अपने घर में मृत पाई गईं। उनके माथे और नाक से खून बह रहा था। जांच के बाद पुलिस ने हत्या का खुलासा किया और आरोपी रामकुमार चौधरी (33) को गिरफ्तार कर लिया। रामकुमार शराबी था। वह अक्सर शराब पीकर घर में गाली-गलौज और हंगामा करता था।
इसी वजह से उसकी पहली पत्नी सीमा चौधरी उसे छोड़कर चली गई। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली, लेकिन उसकी शराब की लत से तंग आकर उसकी दूसरी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई। दोनों पत्नियों के चले जाने के बाद वह अपनी मां के साथ रहने लगा। 12 अक्टूबर की रात वह नशे में घर लौटा और मां के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब उसकी मां ने उसे रोका और डांटा, तो वह आगबबूला हो गया। आरोपी बेटे ने अपनी माँ के बाल पकड़कर उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या के आरोप में बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।इस भयावह घटना से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग अभी भी सदमे में हैं कि एक बेटे ने शराब के नशे में अपनी माँ की जान ले ली।
Tags:    

Similar News