देवास: मध्य प्रदेश के देवास में टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पूछताछ के लिए ले जाते समय उसके भागने की कोशिश करने पर पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उसे गोली लग गई। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि मामले की आगे की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टीआई दिलीप पुरी को वाहन से कुचलने के मामले में पुलिस आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू की तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए देवास पुलिस के साथ ही अन्य जिलों की पुलिस भी लगातार दबिश दे रही थी। कई स्थानों पर तलाश के बाद पुलिस को आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।
देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में आरोपी ड्राइवर के एनकाउंटर पर कहा, "हमें लगता है कि कल से ही स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन के नेतृत्व में पूरी देवास पुलिस और विभिन्न जिलों की पुलिस लगातार प्रयासरत थी। इस पूरे घटनाक्रम में ड्राइवर मुख्य आरोपियों में से एक है, जिसके कारण हमारे निरीक्षक दिलीप पुरी का निधन हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जिलों में लगातार दबिश दी जा रही थी और बाकी जिलों की पुलिस भी हमें लगातार सहायता कर रही थी, इसी दौरान सूचना के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खातेगांव थाने ले जा रही थी। इसी दौरान बरोठा मार्ग पर आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए जवानों ने कार्रवाई की और आरोपी को गोली लग गई। इस घटना में गजेंद्र उर्फ अक्कू घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
गजेंद्र उर्फ अक्कू को टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में प्रमुख आरोपियों में शामिल बताया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब उससे पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इसके पीछे और भी लोग शामिल हो सकते है, इसकी जांच की जा रही है। आरोपी ड्राइवर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
Tags: