MP News: मां की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बेटे का अपहरण, दो अपराधी गिरफ्तार
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर के मुरार स्थित सीपी कॉलोनी में गुरुवार 13 फरवरी को मां की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर अपहरण किए गए शिवाय गुप्ता के मामले में मुरैना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हाफ एनकाउंटर के बाद शिवाय गुप्ता अपहरण कांड में शामिल 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. बदमाशों की जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी है, जिन्हें इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ग्वालियर और मुरैना पुलिस लगातार शिवाय गुप्ता के अपहरणकर्ताओं के बारे में जानकारी जुटा रही थी. बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि माता बसैया इलाके में दो बदमाश वारदात करने की नीयत से घूम रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 12:30 बजे कोटवार डैम के पास दो संदिग्ध दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें बुलाया तो दोनों बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों के पैर में गोली लगी|
अपने बचाव के लिए पुलिस को जवाबी फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। फायरिंग बंद होने के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों की पहचान राहुल और बंटी गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाल रंग की बाइक और कारतूस के साथ ही अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपियों से बरामद बाइक के बारे में बताया जा रहा है कि यह वही बाइक है जिस पर ग्वालियर से शिवाय गुप्ता का अपहरण किया गया था। पुलिस ने जब दोनों बदमाशों से शुरुआती पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि शिवाय का अपहरण उन्होंने नहीं बल्कि उसके साथी राहुल और भोला ने किया था। उन्होंने ही वारदात के लिए बाइक का इंतजाम किया था। पुलिस को आशंका है कि अपहरण कांड के पीछे और भी नाम सामने आ सकते हैं।