MP News: मिशनरी हॉस्टल में नाबालिग का शव फंदे से लटका मिलने से मचा हड़कंप
MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित ईसाई मिशनरी के छात्रावास में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि नाबालिग का शव फंदे से लटका मिला. जिसके बाद छात्रावास में हड़कंप मच गया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. बाराकला स्थित ईसाई मिशनरी छात्रावास में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग लड़की का शव छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला. छात्रावास के कर्मचारियों ने उसे आनन-फानन में सतना जिला अस्पताल पहुंचाया|
जहां डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया है. मृतका असम की रहने वाली बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक मृतका बाराकला स्थित ईसाई मिशनरी के पुष्प सदन कॉन्वेंट स्कूल से नर्सिंग का कोर्स कर रही थी और मिशनरी छात्रावास में रहती थी. जो रविवार शाम चार बजे छात्रावास के कमरे में फंदे से लटकी मिली. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया है. लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।