MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक मल्टी और धागा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग लगते ही एक के बाद एक पांच सिलेंडर फट गए. आग बुझाते वक्त दो दमकलकर्मी घायल हो गए. आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. इस आग से सामान को नुकसान पहुंचा है. गनीमत रही कि आग की चपेट में आने से किसी की मौत नहीं हुई. दरअसल, घटना शहर के जनकगंज इलाके के खासकी बाजार की है, जहां एक मल्टी और धागा फैक्ट्री में आग लग गई. आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई|
इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते आग तेजी से भड़क गई. आग की सूचना मिलते ही नगर निगम, एयरफोर्स और पुलिस की दमकल मौके पर पहुंच गई. आग पर काबू पाने के दौरान सिलेंडर फटने से दो दमकलकर्मी योगेंद्र, पुरुषोत्तम घायल हो गए. बताया जाता है कि आग लगने के बाद वहां रखे पांच सिलेंडर फट गए. सिलेंडर फटते ही आग और भड़क गई. काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका. बताया जा रहा है कि आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।