MP News: जिले के देहात थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह राजनगर तालाब की पहाड़ी पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान पन्ना जिले के निवासी 25 वर्षीय दयाराम लोधी के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले से लापता था. स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. सीएसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि हमें सुबह सूचना मिली कि राजनगर तालाब की पहाड़ी पर एक युवक का शव पड़ा है. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है|
दयाराम के परिजनों के मुताबिक वह पिछले दो दिन से घर से बाहर था. उससे आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि वह कहां था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड को भी बुलाया है और घटनास्थल के आसपास से सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. हालांकि अभी तक कोई ठोस सबूत या आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।