Katni: करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा

Update: 2025-07-23 07:17 GMT
Katni कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी बहोरीबंद क्षेत्र के पथराडी पिपरिया गाँव में करंट लगने से एक युवक की मौत के बाद ग्रामीण भड़क उठे। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद बहोरीबंद बस स्टैंड पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और स्थिति को संभाला। मृतक युवक की पहचान 45 वर्षीय आनंद उर्फ नीरू के रूप में हुई है।
बताया गया कि वह गाँव के बीचों-बीच लगे दो बिजली के खंभों के बीच से गुजर रहा था, जहाँ लटकते तार उसकी गर्दन में उलझ गए और करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शाम के अंधेरे में हुआ, जब तार साफ दिखाई नहीं दे रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि झूलते तारों को लेकर कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसके विरोध में ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। जिला प्रशासन ने मौके पर ही कनिष्ठ अभियंता डाबर को तत्काल हटाने के आदेश दिए हैं और मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है, जो दो दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
Tags:    

Similar News