जबलपुर में तीन संदिग्ध अफगानी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों का आरोप
जबलपुर में फर्जी पासपोर्ट मामले की पड़ताल, स्थानीय मददगारों की तलाश
जबलपुर: फर्जी पासपोर्ट और वीजा के सहारे पहचान छिपाकर जबलपुर में रहने के आरोप में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने तीन संदिग्ध अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। मेडिकल परीक्षण के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें एटीएस की रिमांड पर सौंप दिया गया। सुरक्षा कारणों से उनकी पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, एटीएस की टीम दोपहर में कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अदालत में पेशी हुई। जांच एजेंसी अब उनसे गोपनीय स्थान पर पूछताछ कर रही है।
जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि तीनों लंबे समय से दस्तावेजों के सहारे शहर में रह रहे थे। प्रारंभिक पड़ताल में उनके पासपोर्ट और वीजा की प्रामाणिकता को लेकर गंभीर संदेह सामने आए हैं। एजेंसी पता लगा रही है कि दस्तावेज कहां तैयार किए गए और स्थानीय स्तर पर उन्हें किसने ठहरने तथा अन्य कामों में मदद दी।
पूछताछ में भारत में उनके प्रवेश के रास्ते और संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले में अफगानिस्तान दूतावास से संपर्क किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इससे पहले जबलपुर में फर्जी पासपोर्ट से जुड़े एक मामले में छह अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। वे छोटी ओमती से लगे इलाके में रह रहे थे। ताजा मामले में एटीएस दस्तावेज तैयार करने वाले संभावित नेटवर्क और मददगारों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।