राजगढ़ में ई-चालान संदेशों के बाद खाते से दो बार में कटी रकम
ई-चालान के नाम पर आए संदेश, खाते से रकम निकलने पर पहुंचा थाने
राजगढ़: मोबाइल पर करीब 15 दिनों से आ रहे ई-चालान के संदेश चेक करने के कुछ समय बाद एक युवक को बैंक खाते से रकम निकलने की सूचनाएं मिलीं। दो बार में कुल 58 हजार 990 रुपये कटने पर उसने पुलिस से शिकायत की। देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विनायक नगर निवासी लक्ष्मीनारायण (28) पुत्र धूलजी लववंशी ऑनलाइन से संबंधित काम करता है। उसने शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल पर लगातार ई-चालान संबंधी मैसेज आ रहे थे। बीते रोज उसने इन संदेशों को चेक किया था।
युवक के मुताबिक, इसके बाद उसके एचडीएफसी बैंक खाते से पहले 29 हजार 990 रुपये कटने का मैसेज आया। कुछ समय बाद 29 हजार रुपये और निकाले जाने की सूचना मिली। इस तरह खाते से कुल 58 हजार 990 रुपये निकल गए।
रकम कटने की जानकारी मिलने पर लक्ष्मीनारायण ने पुलिस को घटना बताई। उसकी रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ठगी के तरीके और रकम के लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।