ब्यावरा: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में मजदूरी के पैसे के लेन-देन का विवाद सुलझाने गए दो पुलिस आरक्षकों और एक ठेकेदार से मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पांच थानों की पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिसके बाद उसके परिजनों ने थाने के गेट के बाहर जमकर हंगामा किया और पुलिस पर ही मारपीट का आरोप लगाया।
थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि फूल तोड़ने के काम के लिए 11 महिलाओं ने ठेकेदार विक्रम वर्मा से 4,000 रुपये में ठेका लिया था। विक्रम वर्मा फूलों के कारोबार से जुड़ा है। आरोप है कि काम पूरा नहीं होने पर उसने महिलाओं को 2,200 रुपये देने की बात कही, जबकि महिलाओं ने 3,300 रुपये मजदूरी देने की मांग की। भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया। इसी दौरान महिलाओं ने विक्रम वर्मा का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया।
इसके बाद महिलाएं अपनी शिकायत लेकर ब्यावरा थाने पहुंचीं। थाना प्रभारी ने मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया और महिलाओं को पूरी मजदूरी दिलाने की बात कही। इसके बाद 3300 रुपए लेकर दो पुलिस आरक्षकों के साथ विक्रम वर्मा को महिलाओं के पास भेजा गया, ताकि पैसे देकर विवाद खत्म किया जा सके। लेकिन वहां स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत्त विष्णु चंदेल और अन्य लोगों ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और विक्रम वर्मा से मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने मौके पर मौजूद दोनों पुलिस आरक्षकों से भी मारपीट की।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने विष्णु चंदेल को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि विष्णु चंदेल का इस मजदूरी विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था, लेकिन वह शराब के नशे में था और उसने वहां का माहौल खराब किया। इसके अलावा, दो-तीन अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
वहीं, विष्णु चंदेल के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने भी उनके साथ अभद्रता की है। हिरासत में लेने के बाद परिजनों ने थाने के गेट के बाहर जमकर हंगामा किया। इस आरोप पर थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस के साथ ही अभद्रता की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी वर्दी में थे और उनसे मारपीट हुई थी।
Tags: