पवई वन परिक्षेत्र में शिकार के आरोपियों पर कार्रवाई, दोनों जेल भेजे गए
सितंबर में दर्ज वन अपराध मामले में नवंबर में पकड़े गए दो आरोपी
पन्ना: पुरैना गांव में वन्यप्राणी का मांस जब्त होने के बाद शुरू हुई जांच में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दक्षिण पन्ना वनमंडल के पवई वन परिक्षेत्र में सियार के अवैध शिकार से जुड़े इस मामले में मोहनपुरा निवासी राहुल सपेरा और क्रतन सपेरा को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
वन विभाग के अनुसार, 21 सितंबर को पवई वृत्त की उत्तर पवई बीट के राजस्व ग्राम पुरैना में वन्यप्राणी के शिकार की सूचना मिली थी। मुखबिर की जानकारी पर टीम ने मौके पर पहुंचकर वन्यप्राणी का मांस जब्त किया था। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार हो गए थे।
इसके बाद वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में 19 नवंबर को वन विभाग की टीम ने राहुल सपेरा और क्रतन सपेरा को पकड़कर पूछताछ की।
विभाग के मुताबिक, पूछताछ में दोनों के सियार के अवैध शिकार के मामले से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।