नर्मदापुरम: पुलिस ने नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत के छह घंटे के भीतर ही ये गिरफ्तारियां कर ली गईं।अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 19 अगस्त को हुई थी, जब नाबालिग पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ कॉलेज से घर लौट रही थी। सहेली का एक परिचित दो अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। तीनों ने जबरदस्ती नाबालिग और उसकी सहेली को एक सुनसान जगह पर ले गए।
तीनों लोगों ने पीड़ितों को धमकाया और नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद, पीड़िता ने कॉलेज जाना बंद कर दिया। उसकी गैर-मौजूदगी और परेशानी को देखकर उसकी बड़ी बहन ने उससे पूछा, जिसके बाद पीड़िता ने हमले के बारे में बताया।पीड़िता और उसका परिवार 23 अगस्त को औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए पचमढ़ी पुलिस स्टेशन पहुंचे।
एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) अभिषेक राजन ने कहा, "शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया और छह घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों ने अपना अपराध भी कबूल कर लिया है।"पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ कानून की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2): अठारह वर्ष से कम उम्र की महिला के साथ गैंगरेप; धारा 115(2): जानबूझकर चोट पहुंचाने की सजा; धारा 351(3): आपराधिक धमकी; धारा 3(5): कई लोगों द्वारा समान इरादे से किए गए कार्य और 'बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम' (POCSO) की संबंधित धाराएं शामिल हैं।