Karnataka कर्नाटक : कर्नाटक के बागलकोट में शिवाजी जयंती के जुलूस के दौरान पत्थरबाजी और आगजनी हुई। जुलूस के दौरान बदमाशों ने शिवाजी की मूर्ति पर पत्थर और चप्पल फेंके और सब्जी के ठेले में आग लगा दी। इस घटना में जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और एक पुलिसकर्मी समेत तीन लोग घायल हो गए। पत्थरबाजी के कारण इलाके में तनाव फैल गया। एहतियात के तौर पर पंका मस्जिद और कोटलेश्वर मंदिर के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को कंट्रोल करने की कोशिश की। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है, लेकिन सावधानी बरती जा रही है। घायल हिंदू कार्यकर्ता प्रकाश अर्केरी को सिर में चोट लगने के बाद इलाज के लिए शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सुपरिटेंडेंट सिद्धार्थ ने बताया कि जब शिवाजी जयंती का जुलूस मस्जिद के पास पहुंचा, तो उस पर पत्थर फेंके गए, जिससे तनाव पैदा हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस वीडियो फुटेज देख रही है और पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।