Karnatakaउडुपी : कर्नाटक Karnataka के उडुपी जिले में चलती ट्रेन में एक महिला सॉफ्टवेयर पेशेवर का यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करने वाले 22 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
यह घटना रविवार को एक एक्सप्रेस ट्रेन में हुई, जब महिला बेंगलुरु से उडुपी शहर के पास मणिपाल शहर जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल शहर के निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद शुरैम के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, मणिपाल पुलिस को महिला की ओर से शिकायत मिली थी। मामले का खुलासा किया गया और अपराध की रिपोर्ट करने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि उडुपी शहर के पास मणिपाल कस्बे की रहने वाली पीड़िता बेंगलुरु में एक आईटी कंपनी में काम करती है। वह अपने घर पर जन्माष्टमी समारोह में हिस्सा लेने के लिए शनिवार रात को ट्रेन में सवार हुई थी।
आरोपी ने रविवार सुबह उडुपी के पास चलती ट्रेन में युवती के साथ बदसलूकी की और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब महिला ने उसकी हरकतों पर कड़ी आपत्ति जताई और अपनी आवाज उठाई तो आरोपी ने उससे माफी मांगी और फिर भाग गया।
महिला ने घटना की जानकारी उडुपी रेलवे पुलिस को दी और रेलमदद ऐप के जरिए भी शिकायत की। पीड़िता से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और पीड़िता द्वारा बताए गए सुरागों और हुलिए के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्होंने पहले सभी यात्रियों की सूची हासिल की और फिर एक शॉर्ट लिस्ट तैयार की। चूंकि यह सप्ताहांत था, इसलिए पुलिस को तीन शॉर्ट लिस्ट बनानी पड़ी और आखिरकार वह पकड़ा गया। पुलिस ने भटकल में आरोपी को ट्रैक किया। सीसीटीवी फुटेज और रेलवे के पास मौजूद यात्रियों की जानकारी की मदद से आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया।

(आईएएनएस)

Tags: