झारखंड पंचायत चुनाव के लिए वोटिंग आज, 30,221उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला

झारखंड में चार चरण में होने जा रहे पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 21 जिलों के 72 प्रखंडों की 1127 पंचायतों के लिए मतदान होगा।

Update: 2022-05-14 01:30 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड में चार चरण में होने जा रहे पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 21 जिलों के 72 प्रखंडों की 1127 पंचायतों के लिए मतदान होगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इसमें 25 लाख महिलाओं सहित 52 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शनिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 30,221 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।

झारखंड में पंचायत चुनाव दलगत आधार पर नहीं होते हैं। दरअसल पहले चरण में 16,757 पदों के लिए चुनाव होने थे, जिसमें 14,079 पंचायत सदस्य, 1,127 मुखिया, 1,405 पंचायत समिति सदस्य और 146 जिला परिषद सदस्य के पद शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में नामांकन पत्र वापस लेने और खारिज होने समेत अन्य कारणों से कुल 6,231 उम्मीदवारों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया। इसलिए अब 9,819 पदों के लिए चुनाव होंगे, जिनमें 7,303 पंचायत सदस्य, 1,117 मुखिया, 1,256 पंचायत समिति सदस्य और 143 जिला परिषद सदस्य के चुनाव शामिल हैं।
मतदान सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदानकर्मियों को उनके संबंधित स्थानों के लिए रवाना कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में गुरुवार को ही मतदानकर्मियों को रवाना कर दिया गया था।
कुल 14079 मतदान केंद्र बनाए गए हैं
पहले चरण के लिए कुल 14,079 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 5,704 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं, जबकि 5,450 अति संवेदनशील हैं।
17 मई को होगी मतगणना
वामपंथी उग्रवादियों ने कई इलाकों में चुनाव बहिष्कार का आह्वान किया है। पहले चरण के मतदान की मतगणना 17 मई को होगी। अन्य चरणों के चुनाव 19, 24 और 29 मई को होंगे।
Tags:    

Similar News

-->