Jharkhand T20 League: कुमार करण के धमाकेदार शतक से जमशेदपुर स्टीलर्स फाइनल में

Update: 2026-06-22 15:03 GMT

Jharkhand: झारखंड टी20 लीग 2026 के पहले सेमीफाइनल में जमशेदपुर स्टीलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोयलांचल सुपर किंग्स को 79 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। रांची में खेले गए इस मुकाबले में स्टीलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 250/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर सिमट गई।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 47 रन पर दो विकेट गंवा दिए। कुमार देव्रत 16 रन और मणिकांत मिश्रा 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कुमार करण और रवि शर्मा ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 200 से ज्यादा रन की शानदार साझेदारी की और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

कुमार करण ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों पर नाबाद 143 रन बनाए। उनकी पारी में 14 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। वहीं रवि शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 गेंदों में 81 रन बनाए। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर टीम ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स की शुरुआत कमजोर रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही। हालांकि कप्तान उत्कर्ष सिंह ने 46 गेंदों में 101 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से समर्थन नहीं मिला।

जमशेदपुर के गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई। प्रतीक रंजन और कुनैन कुरैशी ने 3-3 विकेट लेकर कोयलांचल की बल्लेबाजी को झटका दिया। अंत में पूरी टीम 171 रन पर ऑलआउट हो गई।

इस जीत के साथ जमशेदपुर स्टीलर्स फाइनल में पहुंच गई है और अब खिताब जीतने पर नजरें टिकी हैं।

Tags:    

Similar News