
Jharkhand: गुमला में पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां की अध्यक्षता में पुलिस सभागार चंदाली में थानावार अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एसपी ने लंबित मामलों, खराब प्रदर्शन और अपराध नियंत्रण में लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई और काम नहीं करने वाले थानेदारों को अंतिम चेतावनी दी।
बैठक की शुरुआत उच्च न्यायालय के पोक्सो, एनडीपीएस और अन्य मामलों से जुड़े निर्देशों की समीक्षा से हुई। इसके बाद मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। लूट, डकैती और चोरी से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित वारंट, कुर्की और इस्तेहार मामलों के तेजी से निष्पादन का सख्त निर्देश दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा, डायल 112 की कार्रवाई और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक में नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट, शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार से ड्राइविंग करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा डायन प्रथा, मानव तस्करी, पलायन और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। नक्सल गतिविधियों और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सूचना संकलन तेज करने को कहा गया।
एसपी ने साफ कहा कि जिन थाना प्रभारियों का प्रदर्शन कमजोर रहा है, उन्हें अंतिम चेतावनी दी जाती है, जबकि बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।





