रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचने पर शहर से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि रांची उनका जन्मस्थान है और यहीं उन्हें शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला। इसलिए रांची उनके लिए दूसरे घर की तरह है। इस दौरान उन्होंने झारखंड में भाजपा संगठन की गतिविधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष की सराहना की।
रांची से मेरा गहरा लगाव: नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जब वह पहली बार रांची आए थे, तब भी उन्होंने बताया था कि रांची उनका जन्मस्थान है। उनकी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भी इसी शहर से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा, "रांची तो मेरा दूसरा घर है। संगठन और कार्यक्रमों के सिलसिले में मेरा यहां आना होता रहता है। मुझे जितनी बार अवसर मिलेगा, मैं यहां आने के लिए तैयार रहूंगा। नितिन नवीन ने कहा कि रांची से उनका व्यक्तिगत और संगठनात्मक दोनों तरह का जुड़ाव है।
झारखंड भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष की सराहना
नितिन नवीन ने झारखंड में पार्टी संगठन के कामकाज को लेकर कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता लगातार संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं। उनके मुताबिक, संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं का उत्साह आने वाले समय में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर से तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। इस दौरान उनका पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। 24 अक्टूबर को वे झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की आगामी गतिविधियों पर चर्चा प्रस्तावित है।
संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर
नितिन नवीन के दौरे को लेकर भाजपा की प्रदेश इकाई ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की थी। भाजपा नेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड में कार्यकर्ताओं की सक्रियता देखकर उन्हें आने वाले समय को लेकर काफी उम्मीदें हैं।
Tags: