Dhanbad धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, कई दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव उसके घर से बरामद हुआ। वहीं, पुलिस ने इस मामले में मृतक व्यक्ति की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के तिलैयाटांड़ गांव की है। मृतक व्यक्ति की पहचान सुरेश हांसदा के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सुरेश हांसदा पिछले कुछ दिनों से लापता था। वहीं, जब पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने सुरेश हांसदा के बारे में पूछा, तो उसकी पत्नी सुरजी देवी कोई न कोई बहाना बनाकर मामले को दबाती रही। शुक्रवार को जब सुरेश हांसदा का एक रिश्तेदार उससे मिलने आया, तो उसकी पत्नी सुरजी देवी फिर से बहाने बनाने लगी। तभी रिश्तेदार की नजर एक बंद कमरे पर पड़ी, जिससे उसे शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और कमरे का ताला खोलकर जांच शुरू की। जिसके बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन खोदकर शव बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। लोग नजारा देखकर दंग रह गए। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान पत्नी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पति की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी हत्या कर दी और शव को घर में ही दफना दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही असली सच्चाई सामने आएगी।