रांची: राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक साख पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल के भीतर एक 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार (कस्टोडियल गैंगरेप) किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
इस गंभीर घटना को लेकर बुधवार देर शाम खेलगांव थाने में जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर, वार्ड इंचार्ज और पुलिसकर्मियों समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विलंब से सामने आए इस मामले के खुलासे के बाद से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे प्रकरण की जांच रांची के सिटी एसपी को सौंप दी है।
पुलिस सूत्रों और प्राथमिकी से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित मेकॉन कॉलोनी का रहने वाला है। वह एक आपराधिक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में होटवार जेल में बंद था, जिसे रांची की अदालत द्वारा बरी किए जाने के बाद बीते 12 जून को जेल से रिहा किया गया था। जेल की चारदीवारी के भीतर झेली गई अमानवीय प्रताड़ना और दरिंदगी के कारण वह गहरे मानसिक आघात (ट्रॉमा) से गुजर रहा है। उसकी नाजुक मानसिक स्थिति को देखते हुए वर्तमान में उसका इलाज रांची के कांके स्थित केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान में चल रहा है।
काफी समय तक गहरे सदमे में रहने के बाद हाल ही में उसने अपने परिजनों को जेल के भीतर हुई इस खौफनाक आपबीती से अवगत कराया, जिसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। खेलगांव थाने में दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, जेल में बंद अपराधियों के एक शातिर गिरोह ने इस घिनौनी करतूत को तीन बड़े पर्वों- महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल की रातों में अंजाम दिया।
आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से 20 वर्षीय युवक को जबरन नशीला पदार्थ पिलाया, उसे महिलाओं के वस्त्र (साड़ी) पहनाए और फिर उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया। इस क्रूरता और मारपीट के कारण पीड़ित के निजी अंगों से गंभीर रक्तस्राव हुआ और उसे भारी शारीरिक व मानसिक चोटें आईं। इस मामले में खेलगांव थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर आरोपियों को दो प्रमुख श्रेणियों में रखा गया है। पहली श्रेणी में वार्ड संख्या 14 और 15 के कई कुख्यात बंदी और कैंटीनकर्मी शामिल हैं, जिनमें पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबिसर लोहरा, पवन (कैंटीन बॉय), मंटू, धनेश्वर बढ़ई, शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव और पोगो को नामजद किया गया है।
वहीं दूसरी श्रेणी में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर, तथा पुलिसकर्मी सिंह और संतोष उरांव जैसे जिम्मेदार लोक सेवकों को आरोपी बनाया गया है। इन अधिकारियों और कर्मचारियों पर अपनी पेशेवर ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने, अपराधियों को संरक्षण देने और मामले को दबाने की कोशिश करने के गंभीर आरोप हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब पीड़ित युवक ने इस अमानवीय प्रताड़ना से तंग आकर लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज को दी, तो उसने मदद करने के बजाय उसे गालियां दीं और उसका शिकायत पत्र फाड़कर फेंक दिया। इसके अलावा, दरिंदगी के कारण जब उसके निजी अंगों से रक्तस्राव हो रहा था और वह मदद के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, तो वहां तैनात मेडिकल ऑफिसर ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसका इलाज करने से साफ इनकार कर दिया। यही नहीं, मानवाधिकारों और जेल मैनुअल को ताक पर रखते हुए 12 जून को रिहाई के समय नियमों के विपरीत उसकी कोई अनिवार्य मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई, ताकि यह काला राज छिपा रह सके।
Tags: