Mata Vaishno Devi : जम्मू-कश्मीर में बढ़ते तनाव और संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए वैष्णोदेवी मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अस्थायी ब्लैकआउट लगा दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक रात में किसी संभावित ड्रोन या हवाई हमले से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। श्रद्धालुओं को फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है और यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। मंदिर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर स्थिति पर नजर रख रही हैं। इसके साथ ही जम्मू हवाई पट्टी पर रॉकेट दागा गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सुरक्षा बलों ने हवाई पट्टी इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा सांबा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी की गई है। सीमा पार से हो रही इस अकारण गोलीबारी का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। पिछले दो-तीन दिनों में माता वैष्णोदेवी यात्रा में भारी गिरावट आई है, जिसके कारण कटरा से भवन परिसर तक आमतौर पर दिखने वाली चहल-पहल लगभग गायब है। अब यात्रा मार्गों पर इक्का-दुक्का श्रद्धालु ही नजर आ रहे हैं।
कटरा हेलीपैड लगातार दूसरे दिन भी बंद
सुरक्षा कारणों और श्रद्धालुओं की कम संख्या के कारण कटरा हेलीपैड लगातार दूसरे दिन भी बंद रखा गया। यात्रियों की बेहद कम संख्या के कारण श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शाम छह बजे के बाद नए ताराकोट मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इसके कारण श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से ही भवन की ओर यात्रा कर रहे हैं।
स्थानीय इलाकों में सन्नाटा
कटरा, भवन परिसर और अन्य यात्रा मार्गों पर आमतौर पर चहल-पहल रहती है, लेकिन इन दिनों अधिकांश जगहों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। होटलों और ढाबों में भी भीड़ कम है, जिसका असर स्थानीय कारोबारियों पर भी पड़ा है।
प्रशासन सतर्क, श्रद्धालुओं से अपील
श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक सूचना के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।