Jammu-Kashmir : जम्मू कश्मीर में समग्र शिक्षा के एक स्टोर में भयानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना पुंछ शहर के मोहल्ला कामसार से सामने आई है, जहां सुबह करीब 3 बजे मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में स्थित समग्र शिक्षा के कार्यालय और स्टोर में अचानक भयानक आग लग गई। इस दौरान स्टोर में रखी पुरानी किताबें, फाइलें, कंप्यूटर, जनरेटर और सोलर पैनल जलकर राख हो गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही कार्यालय के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। इस दौरान टीम ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के अनुसार प्रथम दृष्टया आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।