शख्स ने पाई-पाई जोड़कर खरीदी थी स्कूटी, घर के सामने से उड़ा ले गए चोर
जब कोई आम आदमी पाई-पाई बचाकर कुछ खरीदता है तो उस चीज की कीमत दुगुनी हो जाती है.
जब कोई आम आदमी पाई-पाई बचाकर कुछ खरीदता है तो उस चीज की कीमत दुगुनी हो जाती है. हिमाचल के सोलन में एक ऐसे ही शख्स की स्कूटी चोर ले उड़े, जिसने महीनों पैसे बचाकर इसे खरीदा था. पूरा मामला सोलन के ओच्छघाट का है. बताया जा रहा है कि स्कूटी शाम को घर के पास सड़क पर ही खड़ी की गई थी. लेकिन रात को जब राकेश सड़क पर आया तो देखा की उसकी स्कूटी वहां से गायब है. इसके बाद तो राकेश के पैरों तले जमीन ही खिसक गई. हैरानी वाली बात यह है कि जब इस घटना को अंजाम दिया गया तो उस समय आस पास की कुछ दुकानें भी खुली थी.
राकेश ने आसपास के दुकानदारों और लोगों से पूछताछ भी की लेकिन उसकी स्कूटी के बारे में किसी को कुछ नहीं पता था. इसके बाद स्कूटी मालिक ने रात को ही इस पूरे घटना की सूचना पुलिस को दी और साथ ही अपनी शिकायत भी दर्ज करवाई. लेकिन राकेश पुलिस की कार्यप्रणाली से खुश नहीं है, क्योंकि 18 घंटे बीतने के बाद भी कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा.
महीनों मेहनत के बाद खरीदी थी स्कूटी
राकेश ने बताया कि उसने कई महीने कड़ी मेहनत की थी. इसके बाद ही वह अपनी गाढ़ी कमाई से स्कूटी खरीद सका, लेकिन कोई चोर उसकी स्कूटी को चुरा कर ले गया. राकेश ने कहा कि आसपास के लोगों ने बताया कि कुछ अंजान कबाड़ी उनके क्षेत्र में गाड़ी लेकर घूम रहे थे. उन्हें शक है कि वही उनकी स्कूटी को उठाकर ले जा सकते हैं. राकेश ने बताया कि इस बारे में वह पुलिस को सूचित कर चुके हैं लेकिन पुलिस घंटों बीत जाने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची है और उन्हें अपने स्तर पर ही स्कूटी खोजने के लिए बोल रही है. अगर समय रहते पुलिस ने कोई एक्शन लिया होता तो शायद उनकी स्कूटी चोरी होने से बच जाती.