Sirmour सिरमौर: पुलिस थाना पांवटा साहिब के अंतर्गत शहर के विश्व कर्मा चौक के पास शनिवार देर शाम उस समय दहशत फैल गई जब कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इस हमले में सागर नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत स्थानीय नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, कुछ युवकों ने सागर पर अचानक लोहे की रॉड आदि से हमला कर दिया। इससे उसका पैर बुरी तरह घायल हो गया। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक पर पिस्तौल तानने की भी बात कही जा रही है, लेकिन इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।
वहीं, घायल सागर को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि इस हमले के पीछे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी, लेकिन शुरुआती जांच में इस हमले के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। एसएचओ पांवटा साहिब देवी सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।