शिमला: हिमाचल प्रदेश में करवा चौथ पर अब पति-पत्नी दोनों को एक साथ त्योहार मनाने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की घोषणा के बाद राज्य सरकार ने 29 अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इससे पहले करवा चौथ पर सिर्फ महिलाओं को ही छुट्टी रहती थी। पहली बार इस पर्व पर पूरे राज्य में सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के सरकारी कार्यालयों से लेकर स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक में अवकाश रहेगा।

सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल ने प्रदेश सरकार के अधीन सभी विभागों, बोर्डों, निगमों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 29 अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को करवा चौथ का त्योहार मनाने का अवसर देना है।

मुख्य सचिव की ओर से जारी अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत आने वाला अवकाश नहीं होगा।

पति-पत्नी साथ मना सकेंगे त्योहार

करवा चौथ पर विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं। इस दिन पूजा और चंद्रमा को अर्घ्य देने की परंपरा है। सार्वजनिक अवकाश घोषित होने से सरकारी सेवाओं से जुड़े कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे।

रक्षाबंधन पर भी पुरुषों को मिली थी छुट्टी

सुक्खू सरकार इससे पहले रक्षाबंधन पर भी महिलाओं के साथ पुरुषों को अवकाश देने की घोषणा कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने 28 अगस्त 2026 को विधानसभा सदन में कहा था कि रक्षाबंधन पर पहले महिलाओं को छुट्टी मिलती थी, जबकि पुरुष कर्मचारियों के लिए ऐसा प्रावधान नहीं था। इसके बाद प्रदेशभर में सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित किया गया था।

उस समय इस बात को लेकर चर्चा हुई थी कि जब भाइयों को काम पर जाना पड़ेगा, तो बहनें उन्हें राखी कैसे बांधेंगी। अब करवा चौथ पर भी सभी कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित करने से सरकार ने त्योहार के अवसर पर महिला और पुरुष कर्मचारियों को समान रूप से छुट्टी देने का कदम उठाया है।

Tags: